गैंट्ज़ की काहोल लावान पार्टी ने मीडिया रिपोर्टों की पुष्टि करते हुए कहा है, हम उन मुद्दों पर टिप्पणी नहीं करते हैं, जो राष्ट्रीय मुद्दों से संबंधित हैं। महत्वपूर्ण यह है कि यह घटना गैंट्ज़ के सेना प्रमुख के पद से रिटार्ड होने के चार साल बाद घटी है, लेकिन इस रिपोर्ट के इस समय प्रकाशित होने की मंशा पर सवाल खड़ा किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि राजनीति के मैदान में गैंट्ज़ के कूदने के बाद दिसम्बर में ईरानी हैकरों ने उनका मोबाइल फ़ोन हैक किया था, जिसमें से निजी और पेशेवराना जानकारियां उड़ा ली गई थीं।
इस्राईली पूर्व सेना प्रमुख गैंट्ज़ 2015 में अपने पद से रिटायर्ड हुए थे, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि उनके मोबाइल से कोई बहुत महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की गई है।
कहा जा रहा है कि हैकिंग का यह मुद्दा ज़ायोनी प्रधान मंत्री नेतनयाहू के इशारे पर उठाया जा रहा है, इसलिए कि उन्हें गैंट्ज़ चुनाव में कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
गैंट्ज़ की पार्टी ने कहा है कि जो जानकारी मोबाइल फ़ोन से हासिल की गई है, उसमें सुरक्षा से संबंधित कुछ नहीं था और अश्लील वीडियो भी नहीं थे और इसके लिए उन्हें कभी ब्लैकमेल भी नहीं किया गया है।
शुक्रवार को गैंट्ज़ ने एक बयान जारी करके आरोप लगाया है कि इस तरह की रिपोर्टों के पीछे नेतनयाहू का हाथ है।
इस्राईली अधिकारियों के इन आरोप प्रत्यारोपों के बीच, पूर्व ज़ायोनी सेना प्रमुख के मोबाइल हैक पर आधारित रिपोर्टों पर ईरान ने किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है